
देहरादून। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए चार कांवड़िए गंगनहर में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के साथ आए साथियों में चीख-पुकार मच गई, जबकि अस्पताल और घटनास्थल पर शोक का माहौल छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर आए किशोरों का एक समूह ज्वालापुर क्षेत्र स्थित गंगनहर के किनारे पहुंचा था। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चार किशोर नहर के भीतर बने एक गहरे गड्ढे में फंस गए। बताया जा रहा है कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वे संभल नहीं सके और बाहर निकलने का प्रयास करते हुए डूब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा शोर मचाने पर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन किशोरों को जल पुलिस तथा चौथे किशोर को एसडीआरएफ की टीम की सहायता से बाहर निकाला। चारों किशोरों को गंभीर अवस्था में तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में यह खबर मिलते ही उनके साथ आए साथियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान भारत (16 वर्ष) पुत्र हरीश, शिवांश (16 वर्ष) पुत्र पवन, अमित (16 वर्ष) तथा नीतीश (17 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों चंडीगढ़ के निवासी थे और कांवड़ यात्रा के सिलसिले में हरिद्वार आए थे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगनहर और अन्य जलधाराओं में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा चिन्हित सुरक्षित स्थलों पर ही स्नान करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है।श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मृतक किशोरों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।






