
हरिद्वार। लक्सर शुगर मिल में सोमवार को विधि-विधान के साथ गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। मिल परिसर में हवन यज्ञ और तोल कांटों के पूजन के साथ पेराई सत्र शुरू किया गया। मिल शुरू होने से क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल उठे।
लक्सर शुगर मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ हवन पूजन के साथ किया गया। इस मौके पर मिल के डायरेक्टर आनंद सिंह, प्रधान प्रबंधक एसपी सिंह, खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपियन, जन कल्याण पार्टी की अध्यक्ष व खानपुर के निर्वतमान विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा, जिला स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष (दर्जाधारी राज्यमंत्री) श्यामवीर सैनी, दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, गन्ना समिति अध्यक्ष चौधरी अनुराग, किसान आयोग अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, समिति सचिव परमिंदर कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हवन यज्ञ और तोल कांटों के पूजन के बाद मिल में गन्ने की पेराई शुरू की गई। इस दौरान मिल में सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसान को मिल प्रबंधन की ओर से कंबल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मिल प्रबंधन और क्षेत्र के किसानों के बीच हमेशा मधुर संबंध रहे हैं। गन्ना यार्ड में किसानों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पिछले पेराई सत्र का किसानों का संपूर्ण गन्ना भुगतान किया जा चुका है। गन्ना भुगतान के मामले में लक्सर शुगर मिल हमेशा राज्य में प्रथम स्थान पर रही है और आगे भी समय से भुगतान करने का प्रयास किया जाएगा। इस बार पेराई सत्र में 125 लाख क्विंटल गन्ना आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है।
मिल बंद होने के कारण किसानों को अब तक काफी नुकसान हो रहा था। किसान औने-पौने दाम पर कोल्हू में गन्ना डालने को मजबूर थे। मिल शुरू होने से किसानों को अच्छे रेट मिल सकेंगे और यह किसानों के लिए लाभदायक रहेगा।












