
डोईवाला/देहरादून, 21 जून। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर शैल संकल्प फाउंडेशन द्वारा संस्था के कार्यालय में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित जनों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर शैल संकल्प फाउंडेशन की अध्यक्ष शैलबाला ममगाईं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में सम्मान और स्वीकार्यता प्राप्त है। योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता संदेश दिए गए। संस्था ने भविष्य में भी जनहित, स्वास्थ्य संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






