उतराखंडहादसा

घास लेने गई महिला का पैर फिसला, उफनते गदेरे में बहने से मौत

रुद्रप्रयाग। जनपद के बसुकेदार क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में घास लेने गई महिला की गदेरे में बहने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराया। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस तथा स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से महिला का शव गदेरे से बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार की प्रातः 11.32 बजे ग्राम प्रधान सेमकोटी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को सूचना दी कि ग्राम स्वारा के नामी तोक में तिमली से आगे एक महिला घास लेने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह उफनते गदेरे के तेज बहाव में बह गई।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए जल पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा जिला आपदा प्रतिवादन बल (डीडीआरएफ) बसुकेदार की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से गदेरे में सघन खोज अभियान चलाया।
घटना के एक घंटे के भीतर  एसडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से महिला का शव गदेरे से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं पंचनामा की प्रक्रिया के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका की पहचान विनीता देवी (लगभग 38 वर्ष), पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार हो रही बारिश के कारण जनपद के गदेरे और बरसाती नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वर्षा के दौरान गदेरों और नदी-नालों के समीप जाने से बचें तथा पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!