
ओवररेट से ऊपर की वसूली, आबकारी विभाग पर उठ रहे सवाल
रुद्रप्रयाग। जिले में अंग्रेजी शराब के ठेकों पर खुलेआम ओवर रेटिंग का खेल जारी है। ताज़ा मामला नगरासू-घोलतीर के ठेके से सामने आया है, जहां ओवर रेट को लेकर ग्राहकों और ठेके कर्मियों के बीच तीखी झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो बीते दो दिन पूर्व का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स शराब संचालकों को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं। बीते दिनों काकड़ागाड़ और तिलवाड़ा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
रुद्रप्रयाग जनपद में काकड़ागाड़, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि के अलावा अब नगरासू-घोलतीर की दुकान में ओवररेट की शिकायतें बार-बार आ रही हैं। इसके बावजूद भी आबकारी विभाग मात्र कार्यवाही की बात कहकर पल्ला झाड़ रहा है। अगर मामलों में कार्यवाही भी की जा रही है तो वह संतोषजनक नहीं हैं। कई ग्राहक सीएम पोर्टल में इसकी शिकायत भी कर चुके हैं और शराब संचालकों द्वारा ओवररेट लेने पर की जा रही अभद्रता के साथ ही आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर चुके हैं। नगरासू निवासी दर्शन सिंह ने बताया कि यहां स्थित शराब की दुकान में ओवररेट लिए जा रहे हैं। बीते दिनों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शराब की दुकान में कार्य कर रहे कर्मचारी अभद्रता करते हैं। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।
ग्राहकों का आरोप कि बोतलों पर अंकित कीमत से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। विरोध करने पर बहस और अभद्रता की जा रही है। मामले में आबकारी विभाग खामोश है। उन्होंने कहा कि ऐसे में लग रहा है कि विभागीय मिलीभगत से यह खेल चल रहा है। केदारघाटी निवासी दुर्गा प्रसाद ने कहा कि यह वही जिला है, जो पवित्र धामों की आस्था का केंद्र है, लेकिन यहां आम आदमी की जेब पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है। बीते दिनों काकड़ागाड़ में ओवररेट लेने पर सीएम पोर्टल में शिकायत की गई। आबकारी विभाग ने कार्यवाही को गलत तरीके से पेश कर मामले को दबाने का प्रयास किया है। शिकायतकर्ता भगत चौहान ने कहा कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ है। शराब के दामों में एमआरपी से ज्यादा लिया गया है। वहीं आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।












