
पौडी़। संविधान दिवस के अवसर पर पौड़ी पुलिस द्वारा भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त करते हुए संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया। इस अवसर पर पुलिस कार्मिकों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को अपने आचरण एवं कर्तव्यों में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशानुसार पुलिस लाइन पौड़ी एवं पुलिस कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संविधान की उद्देशिका की शपथ ली गई। साथ ही जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों एवं चौकियों में पुलिस कार्मिकों को भी संविधान के प्रति निष्ठा एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा आमजन के अधिकारों की रक्षा करते हुए संविधान की मूल भावना के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जनहितकारी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।














