उतराखंडदिवस

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए नवाचारी प्रोजेक्ट, सात टीमों का राज्य स्तर के लिए चयन

देहरादून, 26 नवंबर। श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज, देहरादून में गुरुवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय आयोजन उत्साह एवं वैज्ञानिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शुभि गुप्ता, प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनीष जैन एवं जिला समन्वयक सुधीर कांति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है। बाल वैज्ञानिकों को अपनी जिज्ञासाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझना चाहिए तथा वैज्ञानिक पद्धति का प्रयोग करते हुए समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रश्न पूछने और उनके तार्किक उत्तर तलाशने की प्रवृत्ति ही वैज्ञानिक सोच का आधार है।
कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों को भारतीय संविधान की शपथ भी दिलाई।
जिला समन्वयक सुधीर कांति ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच बाल वैज्ञानिकों को अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं की पहचान करने, उनका वैज्ञानिक अध्ययन करने तथा जिज्ञासा और नवाचार के माध्यम से समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) का प्रमुख कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं अनुसंधान की भावना विकसित करना है।
इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय “सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार” निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत पांच उपविषय रखे गए हैं, जिनमें अपशिष्ट प्रबंधन हेतु R5, ऊर्जा हेतु E4, जल, खाद्य एवं कृषि तथा स्वास्थ्य और सतत विज्ञान के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली का अनुप्रयोग शामिल हैं।
जिला समन्वयक ने बताया कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों से कुल 183 टीमों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। प्राप्त परियोजनाओं के अनुमोदन एवं परीक्षण के उपरांत जनपद स्तर पर 29 टीमों का चयन किया गया। इन टीमों के बाल वैज्ञानिकों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने-अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े नवाचारी विचार निर्णायक मंडल के समक्ष रखे।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका ब्लॉक अध्यक्ष रायपुर रामेंद्र राणा, डॉ. आशीष रतूड़ी, डॉ. वर्षा पर्चा एवं डॉ. तृप्ति मलिक ने निभाई। निर्णायक मंडल ने सभी 29 टीमों के प्रोजेक्ट का विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के उपरांत आगामी 1 से 3 दिसंबर 2026 तक हल्द्वानी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए जनपद से सात टीमों का चयन किया गया।
राज्य स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों में कृतिका सती एवं हृदय गुलाटी (डीपीएस विकासनगर), नैना एवं प्रियंका (श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज), निखिल बजेठा एवं आराध्य (श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज), काव्य बजेठा एवं उजाला मुरथया (श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज), अनुष्का एवं मानवी (जीआईसी गुनियाल गांव), नम्रता एवं जेसिका (एसजीआरआर इंटर कॉलेज) तथा श्रुति कुकरेती (जीजीआईसी लखीबाग) शामिल हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक सरदार दलजीत सिंह, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहगल, डॉ. संजय मौर्य, पवन शर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, योगिता भट्ट, भावना नैथानी, कल्पत सिंह चौहान, पंकज बिजल्वाण, नरेश कोटनाला, महावीर सेमवाल, अंबिका गैरोला, मनमोहन मठपाल, रंजन वर्मा, अनीता भट्ट, ज्योति तिवारी, निशा जुगराण एवं मोहित भट्ट सहित अनेक शिक्षक, शिक्षाविद् एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने जनपद के बाल वैज्ञानिकों को अपनी प्रतिभा और नवाचारी सोच प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। राज्य स्तर के लिए चयनित टीमों से आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!