
ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने संविधान दिवस के अवसर पर अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हमारा संविधान हमें मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हमारा दायित्व है कि हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करें और राष्ट्र की उन्नति एवं विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। यह भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती है कि एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जनसेवा के बल पर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकता है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी इसका सशक्त उदाहरण हैं, जो आज अपने नेतृत्व से देश को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर डॉ. अग्रवाल ने वीर जवानों, सुरक्षाकर्मियों एवं हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों एवं दिवंगत नागरिकों को नमन किया।
इस अवसर पर श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, वीरभद्र महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी धस्माना, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, पंडित रवि शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, पूर्व प्रधान दीपा राणा, पूजा गौड़, पूनम व्यास, बांकेलाल पांडे, अशोक पासवान, शुभम अरोड़ा, प्रवीण जुयाल सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














