उतराखंडपुलिस डायरी

रुद्रपुर गैंगरेप केस में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए अहम साक्ष्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश

सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज मिले

रुद्रपुर। युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और पीड़िता की निशानदेही पर घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए डायरेक्टिंग कराई गई। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी रात सक्रिय रहा। कई टीमें युवती की तलाश और आरोपियों की खोज में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देती रहीं। अब जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि तीन बाइक सवार युवकों ने एक युवती का कथित रूप से अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद युवती सुरक्षित मिल गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश सिंह दानू, रम्पुरा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक, दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार और बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़िता की निशानदेही पर घटनाक्रम की पुष्टि करने का प्रयास किया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इन साक्ष्यों से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही बलात्कार समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई थी। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और पीड़िता की निशानदेही पर डायरेक्टिंग भी कराई गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। फॉरेंसिक रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मजबूत केस तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!