पुलिस की तत्परता से चार घंटे में मिला 1.90 लाख रुपये और सोने के आभूषणों से भरा बैग
सीसीटीवी फुटेज की मदद से जवाड़ी बाईपास पर मिला बैग

जीवनभर की कमाई वापस पाकर भावुक हुआ व्यक्ति
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी से 1.90 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान से भरा बैग चार घंटे से भी कम समय में बरामद कर उसके स्वामी को सकुशल सौंप दिया गया। अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान वापस मिलने पर व्यक्ति भावुक हो गया और उसने पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर को स्थानीय निवासी कुलदीप राणा ने कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान को इस संबंध में सूचना दी। बताया गया कि पंकज, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में रहते हैं और मूल रूप से नागनाथ पोखरी के निवासी हैं, अपने घर से केदारनाथ यात्रा के लिए बस संख्या यूके 15 पीए 3232 में सवार हुए थे। कर्णप्रयाग पहुंचने पर उन्हें पता चला कि बस की डिग्गी में रखा उनका कीमती बैग गायब है। बैग में 1.90 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान के अनुरोध पर पुलिस कंट्रोल रूम की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। सीसीटीवी प्रभारी सुनील नौटियाल और सीसीटीवी सेल में तैनात मुख्य आरक्षी पंकज सिंह ने विभिन्न कैमरों की फुटेज खंगालकर बस की आवाजाही का पता लगाया। जांच के दौरान संबंधित बस सुबह करीब नौ बजे जवाड़ी बाईपास के पास दिखाई दी। फुटेज के अवलोकन से पता चला कि यात्रियों के उतरने के दौरान बस परिचालक ने पंकज का बैग भी नीचे उतार दिया था, लेकिन उसे वापस बस में नहीं रखा गया। इस कारण बैग सड़क पर ही छूट गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बैग की अंतिम लोकेशन चिह्नित की गई। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से भगवती प्रसाद और पीआरडी जवान सुमित को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने जवाड़ी बाईपास से बैग बरामद कर लिया और उसे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाया।
बैग उसके स्वामी पंकज को सौंपने से पहले उसमें रखे सामान की जांच की गई। इस दौरान 1.90 लाख रुपये की पूरी नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिला। अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर पंकज भावुक हो गए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी उपयोग, त्वरित निर्णय और पुलिसकर्मियों के आपसी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चार घंटे से भी कम समय में कीमती सामान की बरामदगी ने एक बार फिर पुलिस की सतर्कता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।









