उतराखंडजनहित

ऋषिकेश में 15 अक्टूबर को लगेगा बहुउद्देशीय शिविर, मौके पर होगा जनसमस्याओं का निस्तारण

सेवा संकल्प पर्व के तहत सेवा सेतु अभियान में मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं

स्वास्थ्य जांच से लेकर पेंशन, प्रमाणपत्र और स्वरोजगार योजनाओं का मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवाएं और आयुष्मान कार्ड की सुविधा

ऋषिकेश। सेवा संकल्प पर्व के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान के तहत गुरुवार, 15 अक्टूबर को ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर स्थित रजत जयंती पार्क में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित शिविर में जनपद के प्रभारी मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे। शिविर में विभागीय स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में समाज कल्याण, महिला कल्याण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, सेवायोजन, शिक्षा, वन, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, सहकारिता, विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण, सिंचाई, उद्योग, राजस्व, बैंकिंग, पर्यटन, पशुपालन, श्रम सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
समाज कल्याण विभाग के वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग एवं अन्य पात्र पेंशन योजनाओं के आवेदन, सत्यापन और संशोधन की कार्यवाही की जाएगी। छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ एवं विवाह अनुदान योजनाओं के आवेदन भी भरवाए जाएंगे। दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को जांच के बाद आवश्यकतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। राजस्व विभाग द्वारा आय, जाति, स्थायी निवास एवं चरित्र प्रमाणपत्र तथा निर्विवाद उत्तराधिकार से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग राशन कार्डों के सत्यापन, संशोधन एवं नए राशन कार्ड बनाने की कार्यवाही करेगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच, गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच एवं औषधि वितरण, टीकाकरण, पोषण संबंधी परामर्श और नशामुक्ति काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार तथा नेत्र परीक्षण के साथ चश्मा वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी। पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अलग काउंटर स्थापित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को शिविर में स्वयं उपस्थित रहकर प्रकरणों का निस्तारण करने तथा आवश्यक अभिलेखों एवं ऑनलाइन व्यवस्थाओं के साथ विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

रोजगार, स्वरोजगार और किसानों की समस्याओं का समाधान
सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं की काउंसिलिंग एवं रोजगार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। ग्राम्य विकास विभाग मनरेगा, आवास योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े प्रकरणों पर कार्यवाही करेगा। उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। कृषि एवं उद्यान विभाग किसानों को बीज, दवाओं और कृषि यंत्रों की उपलब्धता संबंधी जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं का उपचार, औषधि वितरण एवं टीकाकरण किया जाएगा।

बैंकिंग, बिजली, पेयजल और अन्य सेवाएं भी मिलेंगी
शिविर में बैंकों द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने, बीमा योजनाओं में पंजीकरण और लंबित आवेदनों के निस्तारण की कार्यवाही की जाएगी। विद्युत बिलों में सुधार, भुगतान एवं नए कनेक्शन, पेयजल बिलों से संबंधित समस्याओं और नए कनेक्शन के प्रकरणों पर भी कार्रवाई होगी। इसके अतिरिक्त आधार कार्ड बनाने एवं संशोधन, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पंजीकरण, मतदाता पंजीकरण, श्रमिक कार्ड, होम स्टे और स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!