उतराखंडस्वास्थ्य

बीमार बुजुर्ग को 4 किमी पैदल चलकर डोली में ले गईं महिलाएं

रात में नहीं मिल सका साधन, अगले दिन महिलाओं ने संभाला मोर्चा

गैरसैंण। अभी तक आपने पहाड़ की सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अनेक खबरें पढ़ी, देखी और सुनी होंगी। अब राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण तहसील से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग के लिए मुंह चिढ़ाने वाली है। हर जगह रोड कनेक्टविटी और हर जगह स्वास्थ्य सुविधा का ढिंढोरा पीटने वाले इन विभागों की मंत्री जब इस वीडियो को देखेंगे तो उन्हें खुद ताज्जुब होगा कि लोग रोड और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कितने परेशान हैं।
पहाड़ में सड़क सुविधा का अभाव किस तरह लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है, इसकी तस्वीर विकासखंड गैरसैंण के कुनीगाड़ क्षेत्र के गोगनाणी गांव में देखने को मिली। बीते दिनों गांव के 61 वर्षीय बीमार बलवंत सिंह को गांव की महिलाओं ने डोली में बैठाकर करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया। ऊबड़-खाबड़ और जंगल के रास्ते पर महिलाओं द्वारा डोली को कंधा लगाकर चार किलोमीटर की दूरी तय करने की यह घटना इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह घटना जहां पहाड़ी गांवों में सड़क सुविधा की बदहाली को उजागर करती है, तो वहीं मातृशक्ति की कर्मठता और विषम परिस्थितियों से जूझने की क्षमता का भी उदाहरण है।
कुनीगाड़ क्षेत्र की कोठा ग्राम पंचायत से करीब चार किलोमीटर पैदल दूरी पर स्थित गोगनाणी तोक निवासी 61 वर्षीय पेंटर बलवंत सिंह पुत्र हुकम सिंह पेंटिंग का कार्य कर आजीविका चलाते हैं। गांव में पत्नी देवकी देवी ओर छोटे दिव्यांग बेटे के साथ रहने वाले बलवंत सिंह की बीते दिनों अचानक तबीयत बिगड़ गई। गांव के अधिकांश पुरुष रोजगार के सिलसिले में बाहर होने के कारण रात के समय उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया जा सका।
अगले दिन गांव की महिलाओं ने बलवंत सिंह को डोली में बैठाया और किसी तरह करीब चार किलोमीटर दूर कोठा बैंड तक पहुंचाया। इसके बाद नजदीकी गांवों के रिश्तेदार उन्हें चौखुटिया अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद हृदय संबंधी समस्या बताते हुए उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार उपचार में देरी के चलते बलवंत सिंह की मौत हो गई। बलवंत सिंह की असमय मौत से आहत उन्हें सड़क तक पहुंचाने वाली महिलाओं में शामिल गीता, धन्ना, शांता, कुसमा, छुमा, मंजू, मीना, पूजा, गंगा देवी, पुष्पा देवी, कमला, राधा, दीपा और मधु ने रुंधे गले से कहा कि कष्ट उठाना हमारी नियति बन गई है, लेकिन इससे सरकारों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। गांव के बुजुर्ग धर्म सिंह और दान सिंह कहते हैं कि उनकी पैदाइश आजादी के आसपास की है, लेकिन सड़क सुविधा के मामले में उनके लिए आज भी गुलामी का दौर ही चल रहा है।

सही समय पर उपचार न मिलने से हो रही मौत
बलवंत सिंह नेगी के छोटे भाई कैप्टन विक्रम सिंह नेगी का कहना है कि पिछले एक वर्ष में समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गांव को सड़क से जोड़ने की मांग पिछले 25 वर्षों से की जा रही है, लेकिन सड़क अभी भी फाइलों में अटकी हुई है। कुनीगाड़ क्षेत्र के डॉ। झगड़ सिंह का कहना है कि क्षेत्र में अधिकांश मौतें समय पर उपचार नहीं मिल पाने के कारण हो रही हैं। यदि गांवों तक सड़क सुविधा होती तो गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। तीन गांवों की करीब 400 आबादी सड़क से वंचितरू गौरतलब है कि कुनीगाड़ क्षेत्र के सड़क सुविधा से वंचित गोगनाणी, दमदड़ और तिमिलपानी गांव चमोली जनपद के सीमांत गांव हैं। गोगनाणी में करीब 30, दमदड़ में 10 और तिमिलपानी में लगभग 20 परिवार निवास करते हैं। तीनों गांवों की कुल आबादी करीब 400 के आसपास है। इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए दो प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनमें कोठा से दमदड़ तक करीब चार किलोमीटर सड़क लोक निर्माण विभाग तो निगलाणी से ऊपरी गांवों को जोडते हुए तीन किलोमीटर सड़क मार्ग पीएमजीएसवाई के पास प्रस्तावित है। हालांकि वन विभाग की स्वीकृति के लिए अटकी फाइलों को आगे बढ़ाना विभागों के लिए चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!