उतराखंडपुलिस डायरी

रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांड में 7 आरोपियों के मकानों पर चलेगा बुलडोजर

नगर निगम ने चस्पा किए नोटिस

रुद्रपुर। जिला अस्पताल में हुए मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी हत्याकांड के बाद अब नगर निगम ने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार सुबह भारी पुलिस बल और नगर निगम की टीम जगतपुरा स्थित आरोपियों के सात मकानों पर पहुंची। नगर निगम ने सभी मकानों पर नोटिस चस्पा करते हुए 15 दिन का समय दिया है।
प्रशासन का कहना है कि ये मकान नजूल भूमि पर अवैध रूप से बने हैं। निर्धारित समय के बाद भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा भी पहुंचे। वहीं, मृतक के भाई ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि अब जल्द ही नितेश का अंतिम संस्कार किया जाएगा। दूसरी ओर, मकानों में रह रहे किरायेदारों ने अचानक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सामान शिफ्ट करने के लिए समय मांगा है।
रुद्रपुर जिला अस्पताल में नितेश जौहरी की हत्या के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार सुबह नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ जगतपुरा पहुंची। यहां आरोपियों से जुड़े सात मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए। प्रशासन ने मकान खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। अधिकारियों के अनुसार मकान नजूल भूमि पर अवैध रूप से निर्मित हैं और निर्धारित समय के बाद इनके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि शुक्रवार को मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जिला अस्पताल में खूनी संघर्ष हो गया था। घायलों के उपचार के दौरान नितेश जौहरी की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ था।
शनिवार को कार्रवाई के दौरान महापौर विकास शर्मा भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि धामी सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुरूप ध्वस्तीकरण से पहले नोटिस देने की प्रक्रिया अपनाई गई है। इसके तहत सात मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। उनमें रह रहे किरायेदारों को भी मकान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक शिव अरोरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना के समय से ही हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने जो आश्वासन दिया था, उसके अनुरूप प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मृतक नितेश जौहरी के भाई ने कहा कि हम प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। सातों मकानों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब परिवार जल्द ही नितेश का अंतिम संस्कार करेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!