उतराखंडपुलिस डायरी

स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चोरगलिया की 3 छात्राएं लापता

लापता छात्राओं का एक हफ्ते बाद भी नहीं लगा सुराग

हल्द्वानी। घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं तीन छात्राएं अचानक लापता हो गईं। जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो मामला और चौंकाने वाला सामने आया। तीनों छात्राएं स्कूल पहुंचने के बजाय एक कार से काठगोदाम पहुंचीं और इसके बाद देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होती दिखाई दीं। चार दिन बाद भी तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मामला लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के चोरगलिया थाना क्षेत्र का है। लापता छात्राओं में दो सगी बहनें और उनकी स्कूल में पढ़ने वाली एक अन्य किशोरी शामिल है। परिजनों के अनुसार, दोनों बहनों में बड़ी 11वीं और छोटी 10वीं कक्षा की छात्रा है। तीनों 17 सितंबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं।
छुट्टी के बाद जब दोनों बहनें घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल में जानकारी करने पर पता चला कि दोनों छात्राएं उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। इसी दौरान उनके साथ पढ़ने वाली 11वीं की एक अन्य छात्रा के भी लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, फुटेज में तीनों छात्राएं एक कार से काठगोदाम पहुंचती दिखाई दीं। इसके बाद वे देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होती नजर आईं।
पुलिस के अनुसार, तीनों छात्राओं के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। ट्रेन जिस-जिस रेलवे स्टेशन से होकर गुजरती है, वहां के संबंधित जीआरपी थानों को सूचना भेज दी गई है। पुलिस टीमें छात्राओं की तलाश में जुटी हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि मामले में तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं और अलग-अलग स्तर पर छात्राओं की तलाश की जा रही है।
चार दिन बाद भी छात्राओं का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया और छात्राओं को जल्द बरामद करने की मांग उठाई। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने लोगों से बातचीत कर उन्हें अब तक की जांच और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस की टीमें छात्राओं की लोकेशन और उनके संपर्क में आए लोगों से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!