उतराखंडफ्रॉड

फर्जी हेली टिकट बुकिंग के नाम पर पांच लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

केदारनाथ यात्रा के नाम पर श्रद्धालु से ऑनलाइन धोखाधड़ी, पुलिस ने ऋषिकेश से दबोचा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के नाम पर फर्जी हेली टिकट बुकिंग कर श्रद्धालु से करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी (चमोली) भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अगस्त माह में कोतवाली गुप्तकाशी में मुकदमा अपराध संख्या 29/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुणे, महाराष्ट्र निवासी करण गुजराल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे ऑनलाइन करीब पांच लाख रुपये की ठगी की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी राहुल थापा पुत्र स्वर्गीय राम थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, जनपद देहरादून को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन धनराशि अपने खातों में स्थानांतरित कराता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड तथा आधार कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं बैंक संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के संबंध में जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सती, चौकी प्रभारी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी तथा मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, चौकी फाटा शामिल रहे।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें। अनधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक अथवा किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि स्थानांतरित न करें। किसी भी लिंक या वेबसाइट की विश्वसनीयता की पुष्टि किए बिना ऑनलाइन भुगतान न करने की सलाह दी गई है। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!