उतराखंडहिमपात

पिथौरागढ़ में बर्फ से ढके पहाड़, थल मुनस्यारी मार्ग बंद, कई वाहन फंसे

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद वसंत पंचमी के पर्व पर बर्फबारी हुई। उच्च हिमालयी इलाकों में पहाड़ बर्फबारी से ढक गए हैं। कई इलाकों में बर्फ की मोटी परत बिछ चुकी है। इस बर्फबारी का लोगों ने जमकर लुत्फ भी उठाया। जबकि कई काश्तकारों ने भी बर्फबारी को फसल के लिए अच्छा बताया। हालांकि, इस बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें भी खड़ी कर दी हैं। पिथौरागढ़ में कई इलाकों में बर्फबारी से सड़कें बंद हो गई हैं। इससे कई पर्यटक और लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं।
पिथौरागढ़ के चौकोड़ी और मुनस्यारी में शुक्रवार रात भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी से चारों तरफ चोटियां सफेद चादर से ढक गई. इस बीच पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों की तरफ रुख करना शुरू किया। थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग में कालामुनि के पास लगभग एक फीट हिमपात हुआ। इस कारण कई पर्यटक और स्थानीय लोगों के वाहन फंस गए। प्रशासन द्वारा सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया। लेकिन सड़क पर शाम 6 बजे तक भी वाहनों का संचालन नहीं हो सका। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण प्रशासन को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी सड़क मार्ग नहीं खुलने पर फंसे पर्यटकों ने मुनस्यारी और नाचनी में स्थानीय होटलों में डेरा डाला। जबकि उनके वाहन बर्फ में फंसे रहे।
आपदा प्रबंधन विभाग पिथौरागढ़ से मिली जानकारी के अनुसार, सड़क खोलने के लिए शनिवार तड़के जेसीबी मौके पर भेज दी गई है। मार्ग से बर्फ हटाने का काम चल रहा है। थल मुनस्यारी मार्ग बंद होने से शनिवार सुबह से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को मदकोट-जौलजीबी होते हुए भेजा जा रहा है। चौकोड़ी और मुनस्यारी में बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं कालामुनि में फंसे पर्यटक अन्य वाहनों की मदद से आगे रवाना हो चुके हैं। जबकि उन पर्यटकों के करीब 20 वाहन बर्फबारी में फंसे हुए हैं. जिनको निकालने का कार्य जारी है।
उधर, शनिवार दोपहर के बाद धूप खिलने से ॐ पर्वत, आदि कैलाश, चौकोड़ी, मुनस्यारी में बर्फबारी से पूरा क्षेत्र चमक उठा है। वहीं बर्फबारी के कारण पूरे जिले में शीतलहर बढ़ गई है। शनिवार को डीएम ने जिले में अवकाश घोषित किया था।
एसडीएम बेरीनाग आशीष जोशी का कहना है कि चौकोड़ी में काफी बर्फ जमी हुई है। इलाके में सभी मार्ग खुले हुए हैं। विद्युत व्यवस्था पूर्ण रूप से सुचारू है। वाहनों का आवागमन बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!