
ऋषिकेश: 6 मार्च। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिकेश मंडल,वीरभद्र मंडल, श्यामपुर मंडल एंव रायवाला मंडल के हरीपुर सहित विभिन्न स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित कर आगामी 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित होने वाली केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की विशाल जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठकों के दौरान डॉ. अग्रवाल ने जनसभा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर चल रही तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह जनसभा न केवल संगठन की शक्ति का प्रदर्शन होगी बल्कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी मंडलों, बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर सक्रिय रूप से संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा से लगभग 4000 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को हरिद्वार में आयोजित रैली में ले जाने की योजना बनाई गई है, जिसके लिए वाहनों की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रूप से रणनीति तैयार की जा रही है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का उत्तराखंड आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है। उनकी जनसभा से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा आगामी समय में विकास और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
बैठक में जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, विरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट जिला एवं मंडल प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर जनसभा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।












