उतराखंडपुलिस डायरी

हरिद्वार जेल से रिहा हुई उर्मिला सनावर, दून ले गई एसओजी ऑफिस में पूछताछ के लिए

हरिद्वार। जिला कारागार से उर्मिला सनावर की रिहाई हो गई है। बीती दो नवंबर को कोर्ट ने उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर की थी। जमानती नहीं मिलने के कारण उनकी रिहाई नहीं हो पा रही थी। एक दिन पहले उर्मिला सनावर की वकील प्रीति सिंह चौहान ने उनकी 2 साल पहले दर्ज हुए मुकदमे में भी जमानत कराई थी। दोनों मुकदमों के जमानती कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद रिहाई की आवश्यक कार्रवाई की गई।
रिहाई के साथ उर्मिला सनावर को भले ही दो मुकदमों में बड़ी राहत मिल गई हो, लेकिन जेल की दहलीज से बाहर निकलते ही उनकी मुश्किलें फिर बढ़ गईं। बताया जा रहा है कि आज शुक्रवार को जमानत के बाद जेल से बाहर आईं उर्मिला सनावर को पहले से मुस्तैद देहरादून पुलिस की टीम अपने साथ ले गई। पुलिस उन्हें एसओजी कार्यालय पहुंची, जहां उनसे पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। रिहाई के तुरंत बाद हुई इस कार्रवाई से मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है।
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार में उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दोनों मुकदमों में अदालत से जमानत मिलने के बाद गुरुवार को न्यायालय में जमानती दस्तावेज पेश किए गए थे। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शुक्रवार को उनकी रिहाई का परवाना हरिद्वार जिला जेल पहुंचा। जेल प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया। यह दोनों मुकदमे पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने ही रानीपुर कोतवाली में दर्ज कराए थे।
जेल से बाहर निकलते ही वहां मौजूद देहरादून पुलिस की टीम ने उर्मिला सनावर से संपर्क किया और उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद पुलिस उन्हें एसओजी कार्यालय लेकर पहुंची, जहां विभिन्न बिंदुओं को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। रिहाई के कुछ ही देर बाद पुलिस की इस कार्रवाई से जेल के बाहर मौजूद लोगों और पूरे मामले पर नजर रखने वालों के बीच चर्चाएं तेज हो गईं।
उर्मिला की वकील प्रीति सिंह चौहान ने भी उनके जेल से बाहर आने की पुष्टि की है। वहीं जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि न्यायलय के आदेश के अनुसार उर्मिला सनावर को रिहा कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!