राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का आरोपी सलाउद्दीन जेल भेजा गया
तेलंगाना निवासी जुबेर से लिए थे डेटोनेटर, फियादीन हमले की थी तैयारी

देहरादून। एसटीएफ ने उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध कट्टरपंथी मोहम्मद सलाउद्दीन को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि वह फिदायीन हमले के लिए खुद को तैयार कर रहा था। अपनी शारीरिक तैयारी के वीडियो विदेश और देश में बैठे आकाओं तक भेज रहा था।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहम्मद सलाउद्दीन एक बड़े धमाके को अंजाम देने की साजिश में शामिल था। इसके लिए तेलंगाना निवासी जुबेर नामक व्यक्ति ने चार डेटोनेटर उपलब्ध कराए थे। साथ ही उसे आर्थिक सहायता भी दी गई थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि डेटोनेटर किस उद्देश्य से मंगाए गए थे और संभावित लक्ष्य क्या था। आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता था।
एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि सलाउद्दीन नियमित रूप से दौड़ लगाने, पुशअप्स और अन्य शारीरिक गतिविधियों के वीडियो बनाकर अपने हैंडलरों को भेजता था। वह टेलीग्राम और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिये संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में था। साथ ही चैट में वह खुद को हर टास्क के लिए फिट बताता था। पूछताछ में पता चला है कि अलग-अलग स्थानों पर मस्जिदों और मजारों को ध्वस्त किए जाने की घटनाओं से वह आहत था।
इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी तत्वों ने उसे अपने प्रभाव में लिया और धीरे-धीरे उसकी सोच को उग्र बनाया। इसके बाद वह राष्ट्रविरोधी और जिहादी सामग्री से जुड़े कई ऑनलाइन समूहों में सक्रिय हो गया। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में जिहाद, शहादत और कट्टरपंथी विचारधारा से संबंधित सामग्री मिलने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियां उसके संपर्कों, ऑनलाइन नेटवर्क और संभावित अंतरराज्यीय कड़ियों की पड़ताल कर रही हैं। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड एसटीएफ ने गुरुवार को सलाउद्दीन को उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से गिरफ्तार किया था। एसटीएफ को जांच के दौरान कुछ ऐसे डिजिटल संवाद मिले थे जिनमें हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उनकी आवाजाही को लेकर संदिग्ध बातचीत होने के संकेत मिले थे। इसी के तहत सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ की टीम ने बुधवार देर रात आरोपी की निशानदेही पर सर्च अभियान चलाया। एजेंसी ने खुलासा किया कि इस दौरान एक विदेशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार डेटोनेटर और एके-47 राइफल के दो कारतूस बरामद किए गए।






