
चम्पावत। नानकमत्ता में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चम्पावत निवासी शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मादली निवासी शिक्षक संजय पांडेय (41) पुत्र भुवन पांडेय जीआईसी बालातड़ी में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने के लिए हल्द्वानी गए थे। देर रात लौटते समय नानकमत्ता के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शिक्षक संजय पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी बाल-बाल बच गए। वहीं फॉर्च्यूनर सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक व्यक्ति की मौत की भी सूचना सामने आई है। मृतक युवक की पहचान आवास विकास कॉलोनी, किच्छा निवासी दीपान्त सिंघल पुत्र पवन कुमार सिंघल के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र बिश्चल सिंह निवासी किच्छा और 35 वर्षीय चंद्र प्रकाश जोशी पुत्र त्रिलोक चंद्र जोशी निवासी चम्पावत का सितारगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है।




