उतराखंडशिक्षा

“विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है” : डोमेश्वर साहू

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

ऋषिकेश। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सत्र 2025-26 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के 7 एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के 4 मेरिट होल्डर सहित कुल 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डोमेश्वर साहू( विद्या भारती क्षेत्रीय संगठन मंत्री पश्चिमी उत्तर प्रदेश ), विनोद रावत(प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति), शंभू पासवान(मेयर नगर निगम ऋषिकेश), माधवी गुप्ता(पार्षद नगर निगम), विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय तथा प्रधानाचार्य उमाकांत पंत उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का बेज अलंकृत कर, टोपी पहनाकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 12 के छात्र यश नारंग ने देश-विदेश के प्रमुख समाचारों का बुलेटिन प्रस्तुत किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से 11 मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को पटका पहनाकर एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डोमेश्वर साहू ने कहा कि “विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है। संस्था का उद्देश्य राष्ट्रभक्त, संस्कारित एवं चरित्रवान नागरिक तैयार करना है।” उन्होंने नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भाव को जीवन की सफलता का आधार बताया।
मेयर शंभू पासवान एवं पार्षद माधवी गुप्ता ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां शिक्षकों के परिश्रम, अभिभावकों के विश्वास एवं विद्यालय परिवार के सतत प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा एवं संस्कारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।
विद्या भारती की योजना एवं नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों में नेतृत्व विकास, अनुशासन, सेवा भावना एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने हेतु छात्र संसद एवं कन्या भारती का गठन किया गया। इसी क्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
छात्र संसद में प्रधानमंत्री पद पर विनय कुमार, सेनापति पद पर लोकेश पंत तथा छात्र न्यायाधीश पद पर गौरव तिवारी ने शपथ ग्रहण की। वहीं कन्या भारती में प्रमुख पद पर प्रिया भट्ट, अनुशासन प्रमुख मोनालिका शर्मा एवं सेनापति संध्या सहित कुल 201 छात्र-छात्राओं ने शपथ ली। सभी अतिथियों द्वारा छात्र संसद के प्रधानमंत्री एवं कन्या भारती प्रमुख को विशेष रूप से शपथ दिलाई गई।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि छात्र संसद एवं कन्या भारती जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में रामगोपाल रतूड़ी ने अतिथियों का परिचय कराया तथा संचालन रजनी गर्ग ने किया। इस अवसर पर पूनम अनेजा, वीरेन्द्र कंसवाल, सतीश चौहान,रविन्द्र सिंह परमार,सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!