
ऋषिकेश। अवैध शराब की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग ने ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर दबिश दी। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम ने चंद्रेश्वर नगर, गोविंद नगर झुग्गी-झोपड़ी, टिहरी बस स्टैंड स्थित संदिग्ध ढाबों तथा छिद्रवाला स्थित “आपकी रसोई” सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
चंद्रेश्वर नगर में दबिश के दौरान गुड़िया पत्नी सुरेंद्र कुमार और सविता पत्नी राजकुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों महिलाओं के कब्जे से 118 पव्वे अंग्रेजी शराब, 85 पव्वे माल्टा देसी शराब और 14 बीयर बरामद की गई।
इसके बाद गोविंद नगर झुग्गी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संतोष पत्नी राजेश और पवन कुमार पुत्र रामगोपाल को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उनके पास से 19 पव्वे अंग्रेजी शराब और 69 पव्वे माल्टा देसी शराब बरामद हुई।
मुखबिर की सूचना पर टिहरी बस स्टैंड स्थित एक संदिग्ध ढाबे में छापेमारी कर अनिल सिंह पुत्र लाखी सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 23 पव्वे इंपिरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
इसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए छिद्रवाला स्थित “आपकी रसोई” में दबिश दी गई, जहां जयप्रकाश पुत्र रतनलाल निवासी उत्तरकाशी को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 78 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पूरे अभियान के दौरान 3 पुरुष और 3 महिलाओं समेत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 151 पाउच माल्टा देसी शराब और 249 पव्वे अंग्रेजी शराब, यानी लगभग 9 पेटी शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।












