उतराखंडमौसम

उत्तराखण्ड के 5 जिलों में जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने जारी किया आंधी व बारिश का यलो अलर्ट

देहरादून। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आज मैदानी इलाकों में भी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मौसम सूखा और शुष्क हो गया है, जिससे तापमान में वृद्धि हो रही है। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे है। पहाड़ों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और वर्षा के आसार बने हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश में मौसम में बदलाव की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की छाया और हल्की बौछारें देखने को मिलेगी। हालांकि निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जिलों में झोंकेदार हवाओं के चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इन क्षेत्रों में बारिश के आसार भी हैं। इन जनपदों के कुछ क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर की तेजी से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम की बेरुखी के कारण जंगलों में आग लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को वनाग्नि की 64 घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं, इनमें गढ़वाल में 30, कुमाऊं में 29 और वन्य जीव क्षेत्र में पांच घटनाएं शामिल हैं। 24 घंटों में 74.67 हेक्टेयर जंगल आग की चपेट में आया है। जंगलों में लगी आग के कारण धुंआ फैल रहा है। इसके चलते उत्तरकाशी, श्रीनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में धुंआ फैलने से लोगों को परेशानी हो रही है। हवा के साथ जंगलों की राख भी लोगों के घरों तक पहुंच रही है जिसके कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!