
ऋषिकेश। नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क भोजन व्यवस्था का महापौर ने किया शुभारंभ ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप में सेवा और समर्पण की भावना के साथ महापौर द्वारा नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट के विशेष सेवा संकल्पी का विधिवत शुभारंभ किया गया । दिव्यांग, गरीब, असमर्थ और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए समर्पित इस ट्रस्ट द्वारा आज से अगले 10 दिनों तक यात्रियों हेतु निःशुल्क भोजन व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है । इस मानवीय पहल के माध्यम से प्रत्येक दिन लगभग 500 यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा ।
उद्घाटन के अवसर पर महापौर ने ट्रस्ट के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की । उन्होंने कहा कि ऋषिकेश जैसे पावन नगर में यात्रियों और जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है और नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणा है । महापौर ने ट्रस्ट के सदस्यों को इस निरंतर सेवा भाव के लिए शुभकामनाएं दीं । इस कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अनेक सेवादार उपस्थित रहे जिन्होंने व्यवस्था को सुचारू बनाने में अपना योगदान दिया ।




