उतराखंडविकास

महापौर शम्भू पासवान की पहल लाई रंग: मायाकुण्ड मुख्य मार्ग से बिजली के खंभों को हटाने का कार्य शुरू

ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या 08 (मायाकुण्ड) के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है । महापौर शंभू पासवान के प्रयासों और शासन स्तर पर की गई पैरवी के बाद, मुख्य मार्ग के बीचों-बीच बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाने और उन्हें शिफ्ट करने का कार्य धरातल पर शुरू हो गया है । क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती माधवी गुप्ता द्वारा इस समस्या को महापौर के समक्ष रखा गया था ।
गौरतलब है कि मायाकुंड क्षेत्र के मुख्य मार्ग के बीच में बिजली के खंभे होने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था । इससे न केवल यातायात बाधित होता था, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था ।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए महापौर शम्भू पासवान ने प्रमुख सचिव (ऊर्जा), आर0 मिनाक्षी सुन्दरम, उत्तराखण्ड शासन को पत्र लिखकर जनहित में इन खंभों को तत्काल शिफ्ट करने का अनुरोध किया था । महापौर के व्यक्तिगत हस्तक्षेप और निरंतर फॉलो-अप के परिणामस्वरूप, ऊर्जा विभाग (UPCL) द्वारा खंभों को सड़क के बीच से हटाकर किनारे शिफ्ट करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है ।
महापौर शंभू पासवान ने कार्य स्थल का विवरण देते हुए कहा कि शहर की आंतरिक सड़कों को बाधा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है । उन्होंने कहा, “जनता की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा । मायाकुंड मुख्य मार्ग से खंभों के हटने के बाद यहाँ यातायात सुगम होगा और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी बढ़ेगा ।” उन्होंने विभाग को निर्देशित किया है कि कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूर्ण किया जाए ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!