
नीदरलैंड, 22 सितंबर। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नीदरलैंड में यूरोप के चिकित्सकों के साथ विशेष ज्ञान-विनिमय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद विशेषज्ञ एवं गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. डी. के. श्रीवास्तव ने यूरोपीय चिकित्सकों को आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा समग्र स्वास्थ्य में इसकी भूमिका की जानकारी दी।

कार्यक्रम में आयुर्वेद की रोग-निवारक अवधारणा, स्वस्थ जीवनशैली, प्राकृतिक स्वास्थ्य संरक्षण और समग्र चिकित्सा दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा हुई। यूरोपीय चिकित्सकों ने आयुर्वेद के प्राचीन ज्ञान को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच केवल रोगों का उपचार ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन और सम्पूर्ण स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना आवश्यक है। आयुर्वेद इस दिशा में जीवनशैली, आहार और स्वास्थ्य संरक्षण का एक समग्र दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान का समन्वय विश्व के लिए स्वास्थ्य की एक नई दिशा खोल सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के वैज्ञानिक एवं समग्र दृष्टिकोण को अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा समुदाय के साथ साझा करना रहा।










