उतराखंडपुलिस डायरी
अपनी दो सगी बहनों को मौत के घाट उतारने वाला भाई गिरफ्तार
सम्पत्ति विवाद व चरित्र पर शक बना हत्याकांड की वजह हत्यारे ने जीजा को भी गोली मार किया घायल

हरिद्वार। राखी से ऐन दो दिन पूर्व बीती रात हुई दो बहनों की गोलियां बरसा कर हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारे सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। इस गोलीकांड में हत्यारे के जीजा को भी गोली लगी है। जिसका उपचार जारी है। हत्या की वजह सम्पत्ति विवाद व चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार ने बताया कि बीती रात गणेशपुर रुडकी निवासी अर्जुन सिंह ने मामा विवेक उर्फ विक्की द्वारा फायरिंग कर मां व मौसी की हत्या करने और इस दौरान मौसा के गोली लगने से गम्भीर रुप से घायल होने के संबंध में दिये गए शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली गंगनहर पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस टीम द्वारा एक सूचना के बाद देर रात आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चूडा मणी मन्दिर चौक के पास चुडियाला भगवानपुर से एक तमंचा, 6 खोखा कारतूस व घटना में इस्तेमाल बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया कि प्रारंभिक तौर पर संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक हत्या के पीछे की वजह नजर आ रही है। वास्तविक कारणों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। बहरहाल पुलिस ने हत्यारोपी भाई को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पहले बड़ी बहन की हत्या करने के बाद बेखौफ हमलावर 15 मिनट में उसकी छोटी बहन के घर पहुंचा और वहां छोटी बहन के साथ उसके पति पर भी गोलियां दागकर फरार हो गया। भाई को दोनों बहनों के चरित्र पर शक था। इसिलिए उसने दोनों की हत्या कर दी। आमतौर पर पहला कत्ल करने के बाद जहां अपराधी छिपने या भागने का प्रयास करते हैं, वहीं इस वारदात से जाहिर होता है कि हमलावर के सिर पर खून सवार था। वह अंजाम की परवाह किए बिना पैदल ही घटनास्थल से निकला, फिर 15 मिनट के भीतर दूसरी बहन के ठिकाने पर पहुंच गया। हो सकता है कि उसने घटनास्थल के आसपास कोई वाहन खड़ा किया था या पैदल ही करीब डेढ़ किमी दूर दूसरी बहन के घर पहुंचा, यह जांच का विषय है। दूसरी बहन को दरवाजा खोलते ही गोलियों से भूनने के बाद तीसरी हत्या के लिए आगे बढ़ा। उनके पति पर भी ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक कत्ल के बाद पूरे इलाके में अलर्ट होना चाहिए था, लेकिन हमलावर का दूसरी वारदात को भी अंजाम दे देना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है। महज 15 मिनट के फासले पर हुई इन दो सनसनीखेज वारदातों ने यह साबित कर दिया कि हमलावर को कानून या पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। दोहरे हत्याकांड की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे रुड़की क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्की नाम के युवक ने अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी है। सूचना पर तत्काल पूरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही एक व्यक्ति भी घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।










