आढ़ती के नौकर से बाइक सवारों ने की ढाई लाख की लूट
भीड़ ने एक बदमाश को दबोचा, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के लक्सर रोड पर बेगमपुर से आगे दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। आढ़ती के एक नौकर से चार बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद मौके पर जुटी जनता ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की लोगों ने जमकर धुनाई की, जिसके बाद पुलिस को सौंपा गया। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। कहा कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
जानकारी के अनुसार लक्सर निवासी भूषण कुमार की आढ़त की दुकान है। बीते शाम को उन्होंने अपने नौकर रवि को सुल्तानपुर क्षेत्र में कलेक्शन के लिए भेजा था, रवि ढाई लाख रुपये लेकर वापस लक्सर हरिद्वार रोड से लौट रहा था। जैसे ही वह बेगमपुर पार कर उद गांव के रास्ते के पास पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। बैग देने से इनकार करने पर बदमाशों ने रवि के साथ जमकर मारपीट की।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंच गए। भीड़ को इकट्ठा होता देख तीन बदमाश बैग छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए, जबकि एक बदमाश को लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद सुल्तानपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल पुत्र नफीस निवासी खड़ंजा कुतुबपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने फरार साथियों के नाम बताए हैं।
हालांकि पुलिस ने इन नामों की पुष्टि नहीं की है, जो सभी खड़ंजा कुतुबपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं इस मामले को लेकर लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।












