गुजरातहादसा

गुजरात में हुए सड़क हादसे में उत्तराखण्ड के एक ही परिवार के सात लोगों की मौत

देहरादून/ कच्छ। शनिवार  रात गुजरात के कच्छ में  खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे  में उत्तराखण्ड के एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार अपनी कार से खावड़ा से भुज जा रहा थे, तभी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि यह आर्मी परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से कच्छ आया था। प्रदेश के मुख्य मंत्री धामी एवं प्रधानमंत्री ने भी इस घटना पर दुख जताया है और मदद का ऐलान किया है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड का एक आर्मी परिवार घूमने के लिए कच्छ आया था। शनिवार को वे कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी खावड़ा-भुज हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से तबाह हो गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उनकी 3 महीने की बच्ची शामिल हैं। हालांकि परिवार की कार पर लगी नंबर प्लेट टूटी हुई है। जिसमें सिर्फ यूके07 लिखा नजर आ रहा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि परिवार देहरादून का रहने वाला हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।हादसे की खबर मिलते ही आस-पास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जीके जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक परिवार आर्मी में सेवारत है। घटना की खबर मिलते ही आर्मी के अधिकारी तुरंत जीके जनरल हॉस्पिटल पहुंच गए. हादसे के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने लिखा कि गुजरात के कच्छ में हुई हृदयविदारक दुर्घटना में कई लोगों के असमय काल-कवलित होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!