
ऋषिकेश : 15 नवंबर। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला में आयोजित कार्यक्रम में विधायक निधि से 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन एवं सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से प्लास्टिक टेबल, प्लास्टिक कुर्सियां, अलमारी, ट्रंक, वजन मशीन, एल्युमिनियम के पतीले, 8 लीटर के कुकर, प्लास्टिक हॉर्स सहित अन्य सामग्री प्रदान की।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के साथ ही महिलाओं और बच्चों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज के निचले तबके तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों से सुसज्जित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को सामग्री उपलब्ध कराने का क्रम लगातार जारी है। भविष्य में भी जनहित एवं महिला-बाल कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
कार्यक्रम में अनीता पोखरियाल, गीता देवी, मीरा, शांति देवी, सुनीता सेमवाल, गायत्री देवी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।














