
देवप्रयाग। पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुंडधार के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने खाई से पांच शवों को बाहर निकाला, वहीं घायल बच्चे अरमान पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुई बोलेरो का नंबर यूके 08 बीएल 0387 है। वाहन में छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे शादाब (14) और गुफरान पुत्र अकबर (34) के रूप में हुई है। सभी लोग रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का काम करते थे और परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी जा रहे थे। हादसे के समय वाहन वही चला रहे थे। इसी दौरान कुंडधार के समीप वाहन चालक का नियंत्रण खो गया और बोलेरो खाई में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना से मृतकों के गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।






