
ऋषिकेश। सामाजिक सरोकारों के तहत रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब द्वारा आदर्श ग्राम में जरूरतमंद बच्चों के लिए स्कूली बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद चेतन चौहान के अनुरोध पर आयोजित इस कार्यक्रम में 50 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है। क्लब द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनसेवा के कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।
वार्ड पार्षद चेतन चौहान ने रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को सहायता मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करनी चाहिए।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष संजय सकलानी, सचिव विजय रावत, कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी राकेश अग्रवाल, रोटेरियन राजे नेगी सहित अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




