उतराखंडपुलिस डायरी
गौरीकुंड में खच्चरों से ढोई जा रही शराब की खेप पकड़ी
चेकिंग के दौरान 11 पेटी में 131 बोतल शराब बरामद, दो घोड़ा संचालक मौके से फरार

रुद्रप्रयाग। अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को गौरीकुंड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान खच्चरों के जरिए ले जाई जा रही 11 पेटी में 131 बोतल शराब बरामद की। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चौकी गौरीकुंड पुलिस टीम गौरीकुंड बैरियर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सोनप्रयाग की ओर से आ रहे एक खच्चर संचालक को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर उसके सकपकाने पर टीम ने उसके साथ लाए जा रहे सामान की जांच की। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने तीनों घोड़ों पर लदे सामान की तलाशी ली तो अन्य सामग्री के साथ शराब की बोतलें बरामद हुईं। जांच में कुल 131 बोतल शराब, यानी 11 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए पकड़े गए व्यक्ति शेर बहादुर पुत्र दल बहादुर, निवासी ग्राम दाहनगर, पालिक खाडा, वार्ड नंबर छह, जिला कालीकोट, नेपाल, हाल निवासी सोनप्रयाग पार्किंग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए घोड़ों के टैग नंबरों के आधार पर फरार हुए दोनों संचालकों समेत अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। तीनों घोड़ों को फाटा स्थित अश्वशाला भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी गौरीकुंड उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत, आरक्षी अर्जुन सिंह, आरक्षी सुल्तान सिंह तथा पीआरडी जवान पंकज कुमार शामिल रहे।










