ऋषिकेश में 50 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा
पुलिस ने 4 आरोपी किया गिरफ्तार, 30 मोबाइल व तीन लैपटॉप बरामद

ऋषिकेश। शहर के मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर 50 लाख रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइकें भी पुलिस ने कब्जे में ली है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर चोरों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान स्वामी की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल शोरूम में चोरी करने वाले चार आरोपी दो बाइकों से नटराज चौक होते हुए बाईपास रोड के रास्ते श्यामपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों बाइकों पर सवार युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया गया था और उसका अधिकांश हिस्सा जंगल में छिपाकर रखा गया था। वे चोरी के सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास से तीन लैपटॉप, एक आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य आरोपियों से भी मोबाइल फोन बरामद हुए। कुल मिलाकर पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इनमें से 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, दो लैपटॉप और आईपैड का चोरी की घटना से मिलान हुआ है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो बाइकें भी कब्जे में ली हैं।
पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, 20 वर्षीय अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, 26 वर्षीय योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और 20 वर्षीय रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में से अभिषेक थापा के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। जबकि रोहन के खिलाफ ऋषिकेश और रायवाला थानों में चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं।













