उतराखंडहादसा

यमुनोत्री हाईवे पर जरड़ा खड्ड के पास गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की दर्दनाक मौत

उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरड़ा खड्ड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से चालक का शव बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार डंपर संख्या जेके-02 सीएस-0136 किसी कार्य से यमुनोत्री हाईवे पर जा रहा था। इसी दौरान जरड़ा खड्ड के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि डंपर के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना राहगीरों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एसआई भूपेंद्र रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्गम खाई में उतरकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।मृतक की पहचान हरजीत सिंह (पुत्र जगत सिंह), निवासी डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
चौकी इंचार्ज एसआई भूपेंद्र रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डंपर में चालक अकेला ही सवार था। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। गौरतलब है कि बरसात के मौसम में यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन, फिसलन और संकरे मोड़ों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्वतीय मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके। वहीं घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!