उतराखंडनिरिक्षण

नगर निगम के निर्माणाधीन बहुमंजिला कार्यालय भवन एवं बहुमंजिला पार्किंग का महापौर शम्भू पासवान ने किया निरीक्षण, कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन बहुमंजिला कार्यालय भवन एवं बहुमंजिला पार्किंग भवन का आज महापौर शम्भू पासवान ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान महापौर शम्भू पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम के नए कार्यालय भवन एवं बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शेष कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम के नए कार्यालय भवन के तैयार होने से निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, बहुमंजिला पार्किंग शहर की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगी। इसके निर्माण से शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या के अनुरूप पार्किंग की सुविधा विकसित होगी और सड़क किनारे अनियोजित वाहन खड़े होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ ही आमजन को भी बड़ी राहत मिलेगी।

महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा निर्माण की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता  अनिल नेगी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, उपखण्ड अधिकारी रुपेश चंद्र, जल संस्थान के सहायक अभियंता  नीरज त्रिपाठी सहित संबंधित ठेकेदार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!