उतराखंडराजनीति

उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है : राजनाथ सिंह

भाजपा का बल सरकार नहीं, संगठन है; कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : राजनाथ सिंह

देहरादून। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन सत्ता में रहते हुए भी उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली रहना चाहिए, जितना सत्ता से बाहर रहते हुए रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह, जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक भूमि पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्हें शांति, प्रसन्नता, उपलब्धि और विश्वास की अनुभूति हो रही है। लंबे समय तक उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए विशेष रहा है। आज बड़ी संख्या में नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की उपस्थिति संगठन के निरंतर विस्तार और मजबूती का प्रमाण है।
 राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लगातार मिल रही सफलताओं के पीछे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सशक्त नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियां और पार्टी के कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम है। आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना संगठन की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।
उन्होंने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान न होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव हैं। एकात्म मानववाद का दर्शन व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र सुख एवं विकास की अवधारणा पर आधारित है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। पार्टी का कार्यकर्ता चुनावी सफलता के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए काम करता है। सत्ता में रहना अथवा विपक्ष में रहना भाजपा की विचारधारा को प्रभावित नहीं कर सकता। सिद्धांतों और विचारधारा के साथ समझौता करना पार्टी के कार्यकर्ताओं की संस्कृति नहीं है।
कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र
रक्षा मंत्री ने अपने लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को नौ महत्वपूर्ण सूत्रों पर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पहला, भाजपा का वास्तविक बल संगठन है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति निकटता और अधिक बढ़नी चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद तथा बैठकों के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को नेतृत्व से जुड़ाव का अनुभव होना चाहिए।
दूसरा, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास का ध्वजवाहक बनना होगा। किसी भी आपदा, दुर्घटना अथवा संकट की स्थिति में भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति होना चाहिए। कार्यकर्ता समाज का फर्स्ट रिस्पॉन्डर बने।
तीसरा, डिजिटल युग में सोशल मीडिया और आधुनिक संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं और समस्याओं को समझने तथा उनसे फीडबैक प्राप्त करने का माध्यम भी बनाया जाए।
चौथा, राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचते हुए मुद्दों पर आधारित संवाद किया जाए। विपक्ष की उकसाने वाली भाषा का जवाब उसी भाषा में देने के बजाय अपने संस्कारों और राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप तथ्यों के साथ दिया जाए।
पांचवां, युवाओं को संगठन से अधिकाधिक जोड़कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय टीम तैयार की जाए। उन्हें जनसेवा के कार्यों का प्रशिक्षण देकर नेतृत्व और जिम्मेदारियां निभाने के अवसर प्रदान किए जाएं।
छठा, विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब पूरी तैयारी और तथ्यों के आधार पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि तथ्यों में बड़ी ताकत होती है। कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र, ईवीएम और आपातकाल जैसे विषयों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब प्रमाणिक तथ्यों के साथ देना चाहिए।
सातवां, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। केवल योजनाओं की सूची बताने के बजाय इन योजनाओं से आम नागरिक के जीवन में आए वास्तविक बदलावों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को जनता के सामने रखा जाए।
आठवां, प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण में नैतिकता, अनुशासन, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाए रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यवहार से निर्मित होती है।
नौवां, संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखा जाए। पद, दायित्व और व्यक्तिगत अपेक्षाओं को लेकर आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए। कार्यकर्ताओं को धैर्य, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और छोटी-छोटी बातों के कारण संगठन की एकता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!