उतराखंडजनहित

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सीएम धामी से मुलाकात कर एक बार फिर बापू ग्राम वनभूमि प्रकरण के स्थायी समाधान के लिए आग्रह किया

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर एक बार फिर बापू ग्राम वनभूमि प्रकरण के स्थायी समाधान के लिए आग्रह किया।

इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष विषय को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि बापू ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले लगभग 75 वर्षों से करीब 60 हजार की आबादी निवास कर रही है। ऐसे में हजारों परिवारों के आशियानों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से ठोस एवं प्रभावी पहल किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से पूर्व में हुई प्रत्येक मुलाकात में भी बापू ग्राम वनभूमि प्रकरण को लगातार उठाते रहे हैं। इस विषय से प्रभावित परिवारों की चिंता और उनके भविष्य को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान बार-बार आकर्षित किया है।

इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी बापू ग्राम वनभूमि प्रकरण के समाधान के लिए प्रयासरत है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव शैलेश भागोली को फोन कर समाधान के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अवगत कराया कि इस प्रकरण के समाधान की दिशा में कैबिनेट की बैठक में समिति गठित करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रकरण की संवेदनशीलता और इससे जुड़ी बड़ी आबादी को देखते हुए समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि दशकों से निवास कर रहे हजारों परिवारों को राहत मिल सके और उनके आशियानों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!