
निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश
ऋषिकेश, अक्टूबर। नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान ने आज क्षेत्र में प्रगतिरत सीवर लाइन कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर शम्भू पासवान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवर लाइन का कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्य की नियमित निगरानी के साथ निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
महापौर ने सड़क खुदाई के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि किसी भी स्थान पर सड़क की खुदाई करने से पूर्व स्थानीय नागरिकों को इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही, निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए किए जा रहे हैं, इसलिए निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।










