उतराखंडपुलिस डायरी

बुजुर्ग महिला से चेन लूटने का आरोपी मुठभेड के बाद गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी से भाग रहे बदमाश का पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। साथ ही घायल आरोपी की पहचान 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात के आरोपी आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। वह चेकिंग पॉइंट से नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
लिस ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। वह 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, आकाश उर्फ तमंचा एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा चेन स्नैचिंग में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!