उतराखंडहादसा

उधमसिंह नगर में भीषण हादसा! कार-बाइक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, दो युवकों की दर्दनाक मौत

उधमसिंह नगर। जिले के खटीमा-सितारगंज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। विडौरा-मझोला क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार और बाइक आग की लपटों में घिर गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार सवार लोग मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी बाइक सवार युवकों को नहीं बचा सके।
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोगों को आग फैलने से पहले बाहर निकलने का मौका मिल गया, लेकिन हादसे के बाद चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक दिल्ली नंबर की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दूसरे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात सामान्य कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस बाइक के पंजीकरण के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही फरार कार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!