Blog

ताले को काटकर दुकान में घुसा चोर, नकदी पर किया हाथ साफ

ऋषिकेश। कोतवाली से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैखौफ चोरों ने न्यू कैलाश मेडिकल स्टोर के शटर में लगे ताले काटकर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा चोरों ने पास स्थित पुष्कर मेडिकल स्टोर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन ताले नहीं टूटने के कारण वे दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
यह वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक मेडिकल स्टोर के बाहर सोने का नाटक करते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद वह शटर के ताले काटता नजर आता है। वहीं उसके दो अन्य साथी स्कूटी पर बैठकर आसपास निगरानी करते हुए दिखाई दे रहे है। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
सुबह स्थानीय लोगों ने न्यू कैलाश मेडिकल स्टोर का शटर आधा खुला देखा तो मामले की जानकारी दुकान संचालक को दी गई। मौके पर पहुंचे संचालक ने दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ पाया और गल्ले से नकदी गायब मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
 सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि अभी तक मामले की तहरीर नहीं मिली है, हालांकि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। घटना के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!