उतराखंडशिक्षा

मोबाइल नहीं, मेहनत बनाएगी भविष्य — छात्रों को शिक्षक नरेन्द्र खुराना की दो टूक सीख

अनुशासन अपनाइए, सफलता खुद आपके कदमों तक आएगी : शिक्षाविद नरेन्द्र खुराना

क्षणिक आकर्षण छोड़ें, स्थायी सफलता चुनें — विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश

ऋषिकेश। समाजसेवी एवं अनेकों सम्मानों से सम्मानित शिक्षाविद शिक्षक नरेन्द्र खुराना ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी को लेकर प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो स्वयं पर नियंत्रण रखना सीख लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से दूरी बनाकर ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता के साथ आगे बढ़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी जितना समय मोबाइल स्क्रीन पर व्यर्थ करता है, यदि वही समय पुस्तकों, अध्ययन और आत्ममंथन में लगाए तो सफलता उसके कदम चूमेगी। समय का सही प्रबंधन, नियमित अध्ययन और मजबूत आत्मअनुशासन ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
नरेन्द्र खुराना ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इंटरमीडिएट से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट एवं बी.एड तक की सभी परीक्षाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतिफल है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं होती, बल्कि यह धैर्य, आत्मविश्वास और मेहनत की वास्तविक कसौटी होती है। जो विद्यार्थी समय का सम्मान करता है, समय उसे सफलता और पहचान देकर सम्मानित करता है।
उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया क्षणिक आकर्षण तो देता है, लेकिन शिक्षा जीवन भर साथ निभाती है। यदि विद्यार्थी आज स्वयं पर नियंत्रण रख लें, तो भविष्य में कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से रोक नहीं सकती।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!