उतराखंडविवाद

पौड़ी के गांधी पार्क में दो गुटों में जमकर हुई मारपीट, युवती समेत दो लोग घायल

पौड़ी गढ़वाल। नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित गांधी पार्क में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवाओं के दो गुटों के बीच अचानक कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे और पत्थर चलने लगे। इससे पार्क में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
इस झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों की मदद से जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे निगरानी में रखा है। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं, जबकि आसपास लोग बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को तुरंत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंच जाती, तो स्थिति को जल्द काबू में किया जा सकता था और युवक को गंभीर चोटें न आतीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान की गयी और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कलक्ट्रेट परिसर पौड़ी के पास स्थित गांधी पार्क में किसी बात को लेकर युवाओं के दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट के दौरान एक युवक के मुंह और आंख के पास गंभीर चोटें आईं, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया। घटना में एक युवती के भी घायल होने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद पार्क में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गांधी पार्क में लंबे समय से युवाओं द्वारा नशा करने की शिकायतें मिलती रही हैं। इस संबंध में पुलिस को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण ऐसे हालात बनते जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!