
ऋषिकेश। 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश ने उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश को लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। उनके विचारों में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे को विशेष स्थान प्राप्त था।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था, इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। नेहरू का मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं समान अवसर उपलब्ध कराना राष्ट्र निर्माण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कार्य है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव एडवोकेट राकेश सिंह मियां ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की नींव रखी। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, तकनीकी विकास और औद्योगीकरण को प्राथमिकता देकर भारत को आत्मनिर्भर एवं आधुनिक राष्ट्र बनाने की दिशा में काम किया। आज उनके विचारों और संवैधानिक मूल्यों को याद करने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कांग्रेसजनों ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचार, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनके बताए मार्ग पर चलकर एक शिक्षित, समतामूलक, वैज्ञानिक सोच वाला और मजबूत भारत बनाने का संकल्प लेना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
आज के कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, अरविंद जैन, प्रदीप जैन,बैसाख सिंह पयाल, राजेंद्र कोठारी, हरि सिंह नेगी, राकेश अग्रवाल, प्यारेलाल जुगराण, मधु जोशी, उमा ओबेरॉय, भगवान सिंह पवार, देवेंद्र प्रजापति, अभिनव मलिक, रुकम पोखरियाल, ऋषि सिंघल, सूरत सिंह कोहली, संजय भारद्वाज, सिंहराज पोसवाल, जगजीत सिंह (जग्गी),चौ. सुमित चौहान, अशोक शर्मा, कमलेश शर्मा, हिमांशु जाटव, सूरज भट्ट, बप्पी अधिकारी, राजेश शर्मा, अशोक शर्मा, विनोद रतूड़ी, अनिल गुप्ता, शिवम आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे














