उतराखंडटेक्नोलॉजी

ऋषिकेश नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग प्लांट का ट्रायल संपन्न

ऋषिकेश। ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, नगर निगम ऋषिकेश द्वारा आज लाल पानी (कक्ष संख्या 01) स्थित नवनिर्मित ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग प्लांट’ का ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किया गया । यह आधुनिक प्लांट ऋषिकेश के शहरी प्रबंधन में एक मील का पत्थर साबित होगा । इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर से एकत्रित होने वाले कूड़े का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण करना है, जिससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी भूमिका मिलेगी । ट्रायल के माध्यम से प्लांट के हर चरण की निगरानी की गई है ताकि पूर्ण क्षमता के साथ संचालन शुरू किया जा सके । इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्‍य ऋषिकेश को देश के स्वच्छतम शहरों की श्रेणी में अग्रिम पंक्ति में खड़ा करना है । आने वाले दिनों में यह प्लांट पूरी क्षमता के साथ कार्य करना प्रारंभ कर देगा, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को एक नई और स्थायी दिशा मिलेगी ।

ट्रायल के मुख्य बिंदु:

• वैज्ञानिक पद्धति: प्लांट के माध्यम से कूड़े का पृथक्करण और उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा ।

• तकनीकी जांच: आज के ट्रायल के दौरान प्लांट की कार्यक्षमता और मशीनों के संचालन की गहन तकनीकी जांच की गई, ताकि इसे पूर्णतः कार्यात्मक बनाया जा सके ।

• सामूहिक भागीदारी: कार्यक्रम में निगम के सम्मानित पार्षदों और अन्य प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने स्वच्छता के प्रति इस सामूहिक प्रयास को सराहा ।
इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने कहा, “यह प्लांट हमारे शहर के लिए स्वच्छता की एक नई दिशा है । कूड़े का उचित निस्तारण ऋषिकेश की पहचान और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है । आज का यह ट्रायल आने वाले समय में एक स्वच्छ और हरित ऋषिकेश के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ।”
इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्‍त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्‍त चन्‍द्रकांत भट्ट, सम्‍मानित पार्षद सत्‍या कपरूवान, सम्‍मानित पार्षद हर्षवर्धन रावत, सम्‍मानित पार्षद आशु डंग, सम्‍मानित पार्षद रामकुमार सांगर सहित नगर निगम के अधिकारी /कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!