उतराखंडहादसा

बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे यात्रियों का टेंपो ट्रैवलर वाहन पलटा, 8 घायल

चमोली। शनिवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को टेंपो ट्रैवलर वाहन हादसे का शिकार हुआ है। हादसे में वाहन में सवार 8 यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर (वाहन संख्या यूपी-15 ईटी-1020) बदरीनाथ धाम के दर्शन कर ऋषिकेश की ओर लौट रहा था। इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत कुल 16 श्रद्धालु सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी जेपी कंपनी के अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान दिशा (15 वर्ष) पुत्री विनोद सैनी, वर्षा पुत्री विनोद सैनी, इलालिता पत्नी अमित, ज्योति पत्नी प्रदीप गिरी, पुष्पा गिरी पत्नी विजेंद्र, चालक जमील पुत्र मतलूप, राजकुमार पुत्र लक्ष्मी और बसु पुत्री सुरेंद्र सैनी के रूप में हुई है। सभी घायल मेरठ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। बिनाकुली के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार चल रहा है और किसी भी यात्री की स्थिति गंभीर नहीं है। चारधाम यात्रा सीजन के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात और पर्वतीय मार्गों की चुनौतियों के बीच यह हादसा एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को दर्शाता है। हालांकि समय रहते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!