आस्थाउतराखंड

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किए बद्रीविशाल के दर्शन

दीक्षांत समारोह श्रीनगर में वितरित की डिग्रियां

चमोली। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बदरीनाथ धाम आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की आगवानी की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10ः20 बजे बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचे। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
यहां से राष्ट्रपति काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बद्री विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की। बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखे। मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बद्रीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति बद्रीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। साथ ही कन्टीजेन्सी प्लान के तहत गौचर में भी सभी व्यवस्थाएं की गई थी।
राष्ट्रपति के बद्रीनाथ भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ एलएन मिश्र, एडीएम डॉ.अभिषेक त्रिपाठी, सयुंक्त मजिस्ट्रेट डा.दीपक सैनी, एसडीएम कुमकुम जोशी, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़, बीकेटीसी के सदस्यगण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।

एचएनबी युनिवर्सिटी पहुंची राष्ट्रपति
राष्ट्रपति सेना के हेलीकॉप्टर से गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर रवाना हो गई जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में वह भाग लेंगी तथा छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान करेगी। शाम 5 बजे उनका देहरादून वापस आने का कार्यक्रम है। कल 9 नवंबर को यहां आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी वह हिस्सा लेंगी तथा इस अवसर पर आयोजित होने वाली पुलिस परेड की सलामी लेंगी। 9 नवंबर शाम उनके दिल्ली वापस लौटने का कार्यक्रम है।
इससे पूर्व बुधवार  सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके बद्रीनाथ धाम पहुंचने से पूर्व राजभवन जाकर राष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात भी की थी और उन्हें फूलों का गुलदस्ता तथा केदारनाथ की प्रतिमा प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट की गई थी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!