उतराखंडभूस्खलन

कई घंटे बाद खुला मसूरी-देहरादून मार्ग, एक-एक कर निकाले जा रहे वाहन

देहरादून। लगातार बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार तड़के करीब पांच बजे पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन हो गया। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया. भूस्खलन से मसूरी-देहरादून मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था। सड़क बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब सात घंटे बाद पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने पहाड़ को काटकर एकल वाहन जाने लायक सड़क तैयार की है।
इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार में भारी भूस्खलन के बाद सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आ गए थे। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग दो बजे मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू किया था। लोगों ने राहत की सांस ही ली थी कि कुछ घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास हुए भूस्खलन ने फिर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया था। पानी वाले बैंड के पास सड़क का हिस्सा बह जाने से यातायात संचालन के लिए जगह नहीं बची थी। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने की स्थिति बन गई थी। वहीं, बारिश के बीच मार्ग के लगातार क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों में भी चिंता बनी हुई थी।
मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर जुटी हुई थी। सड़क के बह चुके हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का प्रयास किया जा रहा था। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने के साथ सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने का काम किया गया। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सड़क खोलने के काम में भी चुनौती बनी हुई थी। ऐसे में यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही थी। जिस रोड पर लैंडस्लाइड हुआ था, वो देहरादून से मसूरी और मसूरी से देहरादून को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। सड़क ढहने से मसूरी का राजधानी से यातायात संपर्क कट गया है। मसूरी घूमने जाने और वहां से घूमकर लौट रहे लोगों के लिए परेशानी बनी हुई थी। बहरहाल लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने अथक परिश्रम करके करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद पहाड़ को काटकर वनवे रास्ता तैयार कर लिया। अब इसी रास्ते से बारी-बारी आने-जाने वाले वाहन निकाले जा रहे हैं। मसूरी देहरादून मार्ग पानी वाले बैंड के पास पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त होने के बाद लोग विकल्प विकल्प रूप के तौर पर मसूरी किमाड़ी रोड का इस्तेमाल कर रहे थे। परंतु मसूरी किमाड़ी रोड कई जगहों पर काफी संकरी है। ऐसे में प्रशासन द्वारा मसूरी किमाड़ी रोड पर सतर्कता के साथ लोगों को जाने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!