उतराखंडक्राइम

बागेश्वर में बाबू ने चाकू से गोदकर की राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की हत्या

पुलिस की गठित टीमें आरोपी की तलाश में जुटी आरोपी ने प्रधानाचार्य पर चाकू से ताबड़तोड़ किए कई वार

बागेश्वर। जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैली हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को विद्यालय के ही एक बाबू ने अंजाम दिया, जो पहले से रास्ते में घात लगाकर बैठा था। सैंज निवासी 55 वर्षीय प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा रोजाना की तरह शनिवार सुबह अपने विद्यालय के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक अपनी गाड़ी से पहुंचे। वहां से पैदल स्कूल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले मार्ग पर पहले से मौजूद आरोपी बाबू नवल किशोर ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना अचानक और घातक था कि प्रधानाचार्य को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शरीर पर कई वार होने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा संस्थानों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी और मृतक के बीच संभावित विवाद सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!